Shimla:शिमला ग्रीष्मोत्सव 2025 : 1 से 5 जून तक सांस्कृतिक रंगों में रंगेगा शहर

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। शिमला ग्रीष्मोत्सव 2025 का आयोजन 1 से 5 जून तक धूमधाम से किया जा रहा है। इस महोत्सव में पंजाबी, बॉलीवुड और हिमाचली कलाकार अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त एवं शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने दी।

रंगीन रोशनी से सजेगा रिज मैदान

उपायुक्त ने बताया कि ग्रीष्मोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा और रिज मैदान को रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया जाएगा, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग एक उत्सवपूर्ण माहौल का आनंद उठा सकें।

सांस्कृतिक संध्याओं में विविधता और मनोरंजन

पांच सांस्कृतिक संध्याओं में विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे:

  • पहली संध्या : बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर निधि रस्तोगी की प्रस्तुति।

  • दूसरी संध्या : हास्य कवि सम्मेलन – अरुण जैमिनी, सुरेंद्र शर्मा, चिराग जैन, शम्भू चौधरी, वेद प्रकाश, डॉ. सीता सागर।

  • तीसरी संध्या : हिमाचली संध्या – हनी नेगी और गीता भारद्वाज।

  • चौथी संध्या : फिरदौस बैंड और इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल की प्रस्तुति।

  • पांचवीं व अंतिम संध्या : इंडियन आइडल फेम नेहा दीक्षित, वॉइस ऑफ शिमला विजेता अंजलि नानक और पंजाबी गायक अखिल धमाल मचाएंगे।

एनजेडसीसी पटियाला के कलाकार भी होंगे शामिल

उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी) पटियाला से हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक दल भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। इसके साथ-साथ स्थानीय बैंड और सांस्कृतिक दल भी अलग-अलग स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

सामाजिक संदेश के साथ गतिविधियों का आयोजन

शिमला ग्रीष्मोत्सव ‘ड्राइव अगेंस्ट ड्रग्स’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आधारित होगा।

  • प्रतिदिन दोपहर 3 बजे: पुलिस रिपोर्टिंग रूम के सामने महानाटी का आयोजन।

  • इंदिरा गांधी खेल परिसर में: टेबल टेनिस प्रतियोगिता, जिसमें कुपवी और डोडरा-क्वार जैसे दूरदराज़ क्षेत्रों के स्कूली छात्र भाग लेंगे।

  • फ्लावर शो, बेबी शो, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।