Shimla: मुख्यमंत्री ने जाखू मंदिर में हनुमान ध्वजा स्थापना की, विश्राम गृह का किया लोकार्पण

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को ऐतिहासिक जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में 108 फीट ऊंची हनुमान ध्वजा के स्थापना समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जाखू मंदिर को आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रयासरत है। मंदिर में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य प्रस्तावित है और इससे जुड़ी प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। दिल्ली दौरे में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से विशेष राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर नष्ट हुए हैं, उन्हें गैर-वन भूमि पर बसाया जाएगा। साथ ही, सेब व सब्जियों की ढुलाई के लिए मार्ग बहाल करना सरकार की प्राथमिकता है।

बाद में मुख्यमंत्री ने छोटा शिमला में लोक निर्माण विभाग के 4.15 करोड़ रुपये की लागत से बने विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इस भवन में नौ विशेष कक्ष बनाए गए हैं और इसे समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विश्राम गृहों को ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को आश्वस्त किया कि हिमाचल सुरक्षित है और अधिकांश क्षेत्र खुले हैं। उन्होंने भ्रमक सोशल मीडिया प्रचार पर ध्यान न देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *