एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। जिला कुल्लू के विकास खंड निरमंड की ब्रौ पंचायत में आज सुबह बंदरों से बचते हुए 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक देश लाल गौतम की छत से गिर कर मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे रोज़ की तरह अपने घर की छत पर पक्षियों को दाना डालने गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:15 बजे, जैसे ही उन्होंने दाना डाला, अचानक बंदरों का एक झुंड वहां आ गया। उनसे बचने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चार मंजिला मकान की छत से नीचे गिर गए। जिसमें उन्हें गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तुरंत रामपुर के महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने घटना की पुष्टि की है। उन्होने बताया की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
