Shimla : रिवोली मार्केट हादसा: पेड़ गिरने से दुकानों की छत टूटी, एक दुकानदार घायल

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। शहर की व्यस्त रिवोली मार्केट में बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय अफरातफरी मच गई जब एक हरा पेड़ अचानक दुकानों पर गिर पड़ा। इस हादसे में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनी दुकान नंबर एक और दो की छत को नुकसान पहुंचा, वहीं पहली दुकान में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दुकानदार सुखराम घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए IGMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय बारिश थमने के बाद अचानक पेड़ झुकने लगा था। इसे देखकर दुकानदारों ने तुरंत बाजार में आवाजाही रोक दी और कई दुकानों को एहतियातन बंद करवा दिया। बावजूद इसके, पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ। रिवोली मार्केट कारोबारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सतवीर सिंह ने बताया कि पेड़ का तना पहले से ही सड़ चुका था, जिससे वह अचानक ढह गया। इस कारण बाजार में करीब तीन घंटे तक आवाजाही ठप रही। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर रास्ता साफ करवाया। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मौके पर ऐसे तीन और पेड़ खतरे की स्थिति में हैं, जिन्हें तत्काल काटने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो। वार्ड पार्षद ने घटनास्थल का दौरा करते हुए बताया कि रिवोली मार्केट में लंबे समय से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत खुदाई का काम चल रहा है। इसकी धीमी गति और लापरवाही से पेड़ों की जड़ें कमजोर हो रही हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जोखिमभरे पेड़ों को तुरंत हटाया जाए।

Leave a Comment