एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज ग्राम पंचायत घुंडा भड़ेच और प्रगतिनगर में 3 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का विधिवत उद्घाटन किया। इस योजना से घुंडा, जबड़ोग, चटोली, कोटी सहित अन्य गांवों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा।
रोहित ठाकुर ने बताया कि जल शक्ति विभाग के अंतर्गत क्षेत्र में 32 करोड़ 28 लाख रुपये की अन्य योजनाएं भी निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि पब्बर नदी से 38 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना तैयार की जा रही है, जिसे इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
अणु, निहारा, चाकूना को भी मिलेगा लाभ
मंत्री ने बताया कि अणु, निहारा और चाकूना गांवों के लिए 4 करोड़ रुपये की नई उठाऊ पेयजल योजना को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 40 करोड़ रुपये की योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
शिक्षा क्षेत्र में भी बड़ी घोषणाएं
शिक्षा मंत्री ने बताया कि क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत हुआ है, जिसकी लागत 25 करोड़ रुपये होगी। गुम्मा इंजीनियरिंग कॉलेज में नए कोर्स शुरू किए गए हैं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुम्मा के लिए 3.14 करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है।
पंचायत भवन का शिलान्यास और सड़क मरम्मत की घोषणाएं
रोहित ठाकुर ने घुंडा भडेच पंचायत में नए पंचायत भवन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि 2025 में आई प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 17 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से हिमरी-पजोर-थर्मला सड़क का स्तरोन्नत कार्य जारी है।
कार्यक्रम में रहे ये लोग उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, वरिष्ठ कांग्रेसी गुमान सिंह चौहान, उपमंडलाधिकारी गुरमीत नेगी, बीडीओ करण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
