एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के रोहडू उपमंडल के तहत पुलिस थाना चिडगाँव के बडियारा क्षेत्र में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राकेश प्रताप के रूप में हुई है, जो बडियारा में एक सेब बागान में चौकीदार के तौर पर कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम राकेश प्रताप अपने दो से तीन अन्य नेपाली साथियों के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने राकेश प्रताप पर तेजधार हथियार और पत्थरों से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को बडियारा पुल के समीप पब्बर नदी के किनारे फेंककर फरार हो गए।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे स्थानीय व्यक्ति जब अपने खेत की ओर जा रहा था, तो उसने नदी किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रोहडू के एसडीपीओ प्रणव चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा फॉरेंसिक साइंटिफिक लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच में सहयोग किया।
गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक शिमला, ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के सिर पर तेजधार हथियार और पत्थरों से गंभीर वार किए गए थे। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
