एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में गोभारता–सरकाघाट रूट पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक सरकारी बस शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना सुबह करीब 8:35 बजे तपौण/हवाणी के पास हुई, जब बस अनियंत्रित होकर पलटती हुई सड़क से लगभग 20 फुट नीचे खेतों में जा गिरी।
हादसे के समय बस में ड्राइवर-कंडक्टर सहित 8 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। इस दुर्घटना में 7 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कंडक्टर पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सड़क तक पहुंचाकर निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से सरकाघाट अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों का उपचार सरकाघाट अस्पताल में जारी है।
डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इन घायल यात्रियों की हुई पहचान
-
दिनेश कुमार (ड्राइवर), पुत्र जालम राम, निवासी पटरीघाट, मंडी
-
ब्राह्मी देवी, पत्नी लाल सिंह, निवासी कुसरू, सरकाघाट
-
कुन्ता देवी, पत्नी कश्मीर सिंह, निवासी गेहरा, सरकाघाट
-
कौशल्या देवी, पत्नी कश्मीर सिंह, निवासी गेहरा, सरकाघाट
-
नीमा देवी, पत्नी अश्वनी कुमार, निवासी सरोहली, सरकाघाट
-
कौशल्या देवी, पत्नी किशन चंद, निवासी गेहरा, सरकाघाट
-
खडकू राम, पुत्र संत राम, निवासी गांव जनहियां, सरकाघाट
