एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के साथ-साथ सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनमें मुख्यमंत्री शगुन योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए संबल बनकर उभरी है। सरकाघाट क्षेत्र में यह योजना बीपीएल परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों की बेटियों की शादी पर प्रदेश सरकार द्वारा 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता शगुन के रूप में दी जाती है। इस योजना के लिए आवेदन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत संबंधित सीडीपीओ कार्यालय में किया जाता है। पात्रता के अनुसार लड़की की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और वह हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी हो। आवेदन लड़की स्वयं, उसके माता-पिता अथवा अभिभावक द्वारा किया जा सकता है।
सरकाघाट क्षेत्र के गांव खनोट तहसील बलद्वाड़ा की तनु कुमारी, जिनकी शादी नवंबर 2024 में हुई, बताती हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी मिलने पर परिवार ने योजना के लिए आवेदन किया और पांच माह बाद 31 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इसी तरह धर्मपुर ब्लॉक के गांव सरौन की सुनीता देवी और अपर बरोट की वंदना देवी ने भी बताया कि उनकी बेटियों की शादी के बाद सरकार से समय पर शगुन राशि मिली।
लाभार्थियों और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में बड़ी मददगार साबित हो रही है।
