एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
बुशहर बॉक्सिंग क्लब रामपुर के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि 15 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता हिमालयन टाइटल फाइट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 अप्रैल को सायं 4 बजे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन और हिमालयन किंग के संयुक्त तत्वावधान में दत्तनगर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। उन्हाेंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर भारत के दिग्गज बॉक्सर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और कि स्थानीय क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रतियोगिता में चार मुक्केबाज रामपुर से हैं, जिनमें दो महिला बॉक्सर भी शामिल हैं।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों से 24 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज भाग लेंगे, जो विभिन्न वेट कैटेगरी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के तहत कुल 12 मुकाबले एक ही दिन में खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक बॉक्सिंग मुकाबले देखने को मिलेंगे।
शनिवार को प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर शिमला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे। एसोसिएशन के महासचिव अशोक मेहता ने बताया कि रामपुर में इस स्तर का बॉक्सिंग आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसमें कई नामी मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रतियोगिता का आनंद लें और बॉक्सिंग जैसे खेलों के प्रति रुचि विकसित करें।
इस अवसर पर रविंद्र नेगी, खेमराज, विवेक गौतम, गिरीश गौतम, जसवीर ठाकुर, दीपक ठाकुर, रामरत्न वर्मा, विनोज नेगी, राजीव हुड्डन और दिग्विजय मैहता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
