एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रिकांगपिओ। किन्नौर जिले के आईटीबीपी ग्राउंड, रिकांगपिओ में 79वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। उन्होंने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए भारतीय संविधान के पालन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में प्रदेश व जनजातीय जिलों का समग्र विकास किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की व्यवस्था की गई है, जिसमें राहत राशि को 25 गुना तक बढ़ाया गया है। मंत्री ने ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ के तहत लगभग 2.95 लाख महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह प्रदान करने की जानकारी दी।

समारोह में आईटीबीपी, पुलिस, महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और विभिन्न स्कूल बैंड ने परेड में भाग लिया। विभागीय झांकियों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया। विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं, प्रेरणास्रोत व्यक्तियों, जवानों और कलाकारों को सम्मानित किया गया।
40 लोगों को मिला भूमि का मालिकाना हक
वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत 40 लोगों को भू-पट्टे प्रदान कर भूमिहीनों को मालिकाना हक दिया गया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

