Shimla : भूटान में भी उगेगा हिमाचल का चिलगोजा, CM सुक्खू ने दिए 5,000 पौधे

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 

शिमला। हिमाचल प्रदेश का मशहूर चिलगोजा अब भूटान की धरती पर भी उगेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भूटान सरकार को 5,000 चिलगोजा के पौधे भेंट किए। यह पौधे हिमाचल के किन्नौर, पांगी और भरमौर क्षेत्रों में पाए जाने वाले चिलगोजा प्रजाति के हैं, जो औषधीय गुण और एंटीऑक्सीडेंट तत्वों से भरपूर होते हैं। भूटान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन ताशी पेलडन और मंत्री सलाहकार चिमी वांगमो के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को CM सुक्खू से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

CM सुक्खू ने बताया कि भारत और भूटान के रिश्ते ऐतिहासिक रूप से सौहार्दपूर्ण रहे हैं। 1949 में हुए मैत्री समझौते को 2007 में नवीनीकृत किया गया था। उन्होंने कहा कि मित्रता के प्रतीक के रूप में ये पौधे भूटान सरकार के वन एवं पार्क सेवा विभाग को सौंपे गए हैं। इसके अलावा, अक्तूबर में जाइका परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा एकत्र किए गए 50 किलो चिलगोजा बीज भी भूटान को प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भूटान को चिलगोजा पौधारोपण में तकनीकी सहायता देने की पेशकश भी की। ताशी पेलडन ने इस पहल के लिए हिमाचल सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के मैत्री संबंधों को और मजबूत बनाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर और प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद भी मौजूद रहे।

 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *