Mandi: धर्मपुर दौरे पर स्वास्थ्य मंत्री शांडिल: आपदा प्रभावितों को मिलेगा सात लाख तक मुआवजा, स्वास्थ्य सुविधाओं का भी होगा विस्तार


एआरबी टाइम्स ब्यूरो

धर्मपुर(मंडी)। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित स्याठी और आसपास के इलाकों का दौरा किया। इस दौरान विधायक चन्द्रशेखर भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की।

डॉ. शांडिल ने चोलथरा में निर्माणाधीन राष्ट्रीय उच्चमार्ग-3 पर पुलों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सज्याओ पिपलू सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने स्याठी गांव के सभी प्रभावित परिवारों को ₹21,000 प्रति परिवार की सहायता राशि देने की घोषणा की।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा पीड़ितों के पुनर्वास को प्राथमिकता दे रही है। बेघर हुए परिवारों को गृह निर्माण के लिए ₹7 लाख तक की सहायता और छह माह तक ₹5,000 मासिक किराए के रूप में दिए जाएंगे। क्षतिग्रस्त सामान व मवेशियों की क्षति का भी मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का आकलन पारदर्शी तरीके से कर राहत राशि शीघ्र वितरित की जाए। स्याठी गांव से विस्थापित 61 लोगों को माता नैना देवी राहत शिविर में सुरक्षित आश्रय प्रदान किया गया है। अब तक ₹3.26 लाख की तात्कालिक राहत राशि वितरित की जा चुकी है।

धर्मपुर अस्पताल में मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य मंत्री ने धर्मपुर आदर्श नागरिक अस्पताल में अधिकारियों संग बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित करने की घोषणा की।

इसके साथ ही सज्याओ पिपलू सीएचसी में सुरक्षा डंगे के लिए ₹15 लाख, जबकि धर्मपुर अस्पताल में डायलिसिस सेंटर, ब्लड स्टोरेज यूनिट, सीटी स्कैन सुविधा, ऑपरेशन थिएटर और मुर्दाघर निर्माण के लिए ₹47 लाख स्वीकृत किए।

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता और पहुंच बेहतर बनाने को प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर एनएचएम के डॉ. गोपाल बेरी, एसडीएम स्वाति डोगरा, जोगिन्द्र पटियाल, डीएसपी संजीव गौतम व सूद, सीएमओ डॉ. दीपाली शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *