एआरबी टाइम्स ब्यूरो
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जूनियर बेसिक टीचर (जॉब ट्रेनी) के 600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये पद जिला वार भरे जाएंगे और इसके लिए विभिन्न वर्गों से नियुक्तियां होंगी। सरकार से 6 अगस्त को निर्देश मिलने के बाद आयोग ने इस भर्ती को प्राथमिकता से शुरू किया है। उम्मीदवार 14 अगस्त सुबह 10:00 बजे से 17 सितंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आयोग के पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य होगा। आयोग के सचिव ने बताया कि सरकार ने भर्ती निदेशालय के माध्यम से सामान्य प्रक्रिया में छूट देकर इस भर्ती को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उद्देश्य है कि प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जा सके।
जिला वार पदों का विवरण
-
बिलासपुर: 34
-
चंबा: 54
-
हमीरपुर: 28
-
कांगड़ा: 102
-
किन्नौर: 5
-
कुल्लू: 30
-
लाहौल-स्पीति: 11
-
मंडी: 2
-
शिमला: 76
-
सिरमौर: 57
-
सोलन: 56
-
ऊना: 41
1762 पदों की दो भर्तियां हुईं रद्द
इसी बीच शिक्षा विभाग ने जेबीटी के 1762 पदों की दो भर्तियों को वापस ले लिया है। इनमें मई 2022 में विज्ञापित 467 पद और 21 जुलाई 2024 को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा विज्ञापित 1295 पद शामिल हैं। इन पदों पर अब फिलहाल भर्ती नहीं होगी। सूत्रों के मुताबिक, संभावना है कि सरकार की नई जॉब ट्रेनिंग पॉलिसी के तहत इन पदों को आगे भरा जाएगा।
पिछली भर्ती प्रक्रिया का हाल
पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में मई 2022 में 80 पोस्टकोड के तहत विभिन्न विभागों में 1423 पद निकाले गए थे, जिनमें जेबीटी के 467 पद भी शामिल थे। इन पदों के लिए 30 सितंबर से 29 अक्तूबर 2022 तक आवेदन मांगे गए थे और हजारों उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। अब इन आवेदनों पर सरकार का फैसला आना बाकी है।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी जानकारी
-
आवेदन अवधि: 14 अगस्त 2025 से 17 सितंबर 2025 तक
-
आवेदन माध्यम: केवल ऑनलाइन
-
आवश्यक: OTR पंजीकरण
-
भर्ती का प्रकार: जिला वार, वर्गवार नियुक्ति
