शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को नगर निगम शिमला की ओर से घोड़ा चौकी कच्ची घाटी में व्यापार मंडल के लिए निर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वरोजगार के साथ-साथ व्यापारियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में व्यापार मंडल का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल के सुचारु संचालन के लिए यह कार्यालय नगर निगम के भवन में संचालित होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की लंबे समय से मांग रही है कि मोटर मार्केट के लिए अलग स्थान चिह्नित किया जाए। मल्याना क्षेत्र में इसके लिए भूमि का चयन कर उसे परिवहन विभाग के नाम ट्रांसफर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री से चर्चा कर शीघ्र निरीक्षण करवाया जाएगा ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके। मोटर मार्केट के शिफ्ट होने से शिमला की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी, जो सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कच्ची घाटी क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए भूमि चयन किया जाए। जैसे ही उपयुक्त भूमि चिन्हित होगी, राज्य सरकार पार्किंग निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाएगी। शिमला शहर के लिए 24 घंटे हाई प्रेशर पेयजल आपूर्ति की योजना अपने अंतिम चरण में है। इस परियोजना से शहरवासियों सहित कच्ची घाटी के हजारों निवासियों को भी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष मलकीयत सिंह ने मंत्री को शॉल, टोपी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त भूपिंदर कुमार अत्री, संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा, पार्षद किरण शर्मा, दिलीप थापा, दिलीप सूद, गीतांजलि, हरजीत सिंह बंगा, गोपाल शर्मा, यशपाल जोशी, मदन शर्मा, राम दास, अशोक गर्ग, कमल चडोग, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।
