एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को अपने ननखड़ी दौरे में क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी। उन्होंने घोषणा की कि टिक्कर खमाड़ी सड़क, जिसे ननखड़ी की लाइफलाइन कहा जाता है, उसे एक माह में दुरूस्त किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 55 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि ननखड़ी क्षेत्र के लिए प्रदेश सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को तय समय पर पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह न केवल उनकी वचनबद्धता है बल्कि जिम्मेदारी भी है।
रिक्त पद होंगे भरे, मिलेंगे और 30 करोड़
अपने दौरे की शुरुआत खडाहण पंचायत से करते हुए उन्होंने खुन्नी पनौली, जाहू, खोलीघाट, गाहन, अड्डू आदि पंचायतों का दौरा किया। ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ननखड़ी में विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए मुख्यमंत्री से जल्द बात करेंगे।
इसके अलावा, क्षेत्र के लिए 30 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की मंजूरी प्रक्रिया में है। इस राशि का उपयोग टूटी सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा डंगों के निर्माण के लिए किया जाएगा।
1500 करोड़ प्रदेश को मिले आपदा राहत में
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 24 में आई जो त्रास्दी आई थी। जिसकी भरपाई के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया था और इस पर केंद्र से 2000 करोड़ रूपए मिलें, जिसमें प्रदेश सरकार का शेयर 500 करोड़ के लगभग है। जिससे प्रदेश को 15 सौ करोड़ के लगभग राशि मिली है। इसका प्रयोग जहां पर भी लोनिवि को सड़कों, डंगों और पुलों आदि का नुकसान है वहां खर्च किए जाएगें, जिसमें ननखड़ी भी शामिल है। जिसकी रिपोर्ट बनाने के लिए उच्चाधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जिसमें सबसे अधिक नुकसान जिला मंडी, कुल्लू, चंबा और शिमला में हुआ है।
पीएमजीएसवाई के तहत 70 करोड़ के कार्य
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत ननखड़ी में 70 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं। तीन सड़कें जो योजना से बाहर हो गई थीं, उन्हें केंद्रीय मंत्री से चर्चा कर पुनः शामिल करवाया गया है।
वीरभद्र सिंह के कार्यों को आगे बढ़ाना लक्ष्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ननखड़ी क्षेत्र के विकास की नींव रखी थी। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए वे क्षेत्र और पूरे प्रदेश का विकास करना चाहते हैं।
