एआरबी टाइम्स ब्यूरो
जनजातीय जिला किन्नौर में “बेटियों का सम्मान – समाज का अभिमान” के नारे के साथ मिशन शक्ति के अंतर्गत 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान आज स्किबा गाँव में सम्पन्न हुआ। इस अभियान का उद्देश्य बेटियों के प्रति सम्मान और सशक्तिकरण को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाना था।
समापन समारोह में अधिवक्ता दीपक नेगी ने पोस्टर-एक्सपर्ट के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, बेटी है अनमोल योजना, एवं शगुन योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि बेटियाँ केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज की सशक्त शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा, समान अवसर और सम्मान देकर ही पूर्ण सशक्तिकरण संभव है। समाज से आग्रह किया गया कि वे बेटों और बेटियों के बीच भेदभाव समाप्त कर समानता और जागरूकता का माहौल बनाएँ।
कार्यक्रम में महिला मंडल की प्रधान सुजाता, बाल विकास अधिकारी कल्पा सुभद्रा कुमारी, जिला मिशन संयोजक ईश्वर भगती, संरक्षण अधिकारी मीरा देवी तथा जेंडर स्पेशलिस्ट माला भगती प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
