शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग पराला मंडी में देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। सेब से लदी पिकअप गाड़ी में सो रहे 38 वर्षीय युवक पर लूट के इरादे से तेज-धार हथियार से हमला हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार, चौपाल निवासी सागर नामक व्यक्ति गाड़ी में सो रहा था। तभी दो अज्ञात हमलावर पिकअप के पास पहुंचे और शीशा खटखटाया। जैसे ही सागर ने शीशा नीचे किया, आरोपियों ने पैसे की मांग की। इनकार करने पर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल, IGMC रेफर
हमलावरों ने सागर के सिर और शरीर पर कई वार किए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सागर को ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य ड्राइवरों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। पराला मंडी में रोजाना करीब 500 पिकअप गाड़ियां सेब लेकर आती हैं। रात में मंडी बंद रहने के कारण ड्राइवर गाड़ियों में ही सो जाते हैं। सागर भी अपनी गाड़ी में सो रहे थे।
