एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना ज्यूरी के अंतर्गत आने वाले पंद्रहबीश क्षेत्र के नंती गांव में एक व्यक्ति की फिसलकर गिरने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा 26 अगस्त को लोअर नंती हाइड्रो प्रोजेक्ट के पास बहपुल क्षेत्र में हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दौलत राम (57 वर्ष) पुत्र शिव राम, निवासी गांव नंती, डाकघर फांचा, तहसील रामपुर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। दौलत राम को बहपुल के पास पेट के बल मृत अवस्था में पाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पास में ही एक ढाबा और दुकान चलाता था। घटना के दिन वह अपने मोबाइल को चार्ज करने के लिए लोअर नंती हाइड्रो प्रोजेक्ट में किसी के पास गया था। मोबाइल चार्ज करने के बाद लौटते समय रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह मुंह के बल गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ज्यूरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
