एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के विकास खंड बंगाणा में वीरवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां खड्ड में डूबने से सनहाल स्कूल की सातवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली तीन छात्राओं की मौत हो गई। मृतक छात्राओं में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है।
ग्राम पंचायत बल्ह में यह घटना उस समय हुई, जब तीनों बच्चियां घर के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेलने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दो छात्राएं भी पानी में उतर गईं, लेकिन देखते ही देखते वे डूब गईं। जब शाम तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान खड्ड किनारे एक बच्ची की चप्पल मिली। इसके बाद कुछ दूरी पर तीनों के शव मिले। छात्राओं की पहचान खुशी, कोमल और सोनाक्षी के रूप में हुई है। उधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खड्ड के खतरनाक हिस्सों पर सुरक्षा उपाय किए जाएं। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव और थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
