एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
चार दिवसीय अंडर-19 राज्य स्तरीय छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का समापन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बिलासपुर में हुआ। इस अवसर पर नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक-दूसरे को जानने और समझने का अवसर मिलता है, साथ ही यह विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति को जानने का भी माध्यम बनती है।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों और 2 स्पोर्ट्स हॉस्टल की 647 छात्राओं ने फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंत्री धर्माणी ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों की खेल भावना की सराहना की।
उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों को सशक्त बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। “आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं। खेलों के माध्यम से उन्हें आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति मिलती है,” उन्होंने कहा।
राज्य स्तरीय आयोजनों के महत्व पर ध्यान देते हुए मंत्री ने कहा कि ये प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मविकास का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्राओं से खेल और अध्ययन दोनों पर समान रूप से ध्यान देने का आग्रह किया। मंत्री ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की प्रतिभाशाली बेटियां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
प्रतियोगिता परिणाम:
बास्केटबॉल: मंडी (विजेता), बिलासपुर (उपविजेता)
हॉकी: सिरमौर (विजेता), ऊना (उपविजेता)
फुटबॉल: सोलन (विजेता), शिमला (उपविजेता)
हैंडबॉल: बिलासपुर (विजेता), सिरमौर (दूसरा स्थान)
मार्च पास्ट: बिलासपुर (प्रथम स्थान)
बास्केटबॉल स्टेट चैंपियनशिप: स्पोर्ट्स हॉस्टल सरकाघाट (विजेता)
हॉकी स्टेट चैंपियनशिप: स्पोर्ट्स हॉस्टल माजरा (विजेता)
समापन समारोह में सोनिका धर्माणी, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल, हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, विभिन्न जिलों के शिक्षकगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
