एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर 3 स्थित बाल्मीकि मंदिर में प्रदेश हिमकॉन के प्रबंध निदेशक विकेश चौहान ने पूजा-अर्चना की और वाल्मीकि समाज के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत भी किया। बैठक में समाज के लोगों ने बताया कि हिमाचली और जाति प्रमाण पत्र बनवाने में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इसके अलावा नगर परिषद में लागू ठेका प्रथा को लेकर भी नाराजगी जताई गई। सफाई कार्य से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि ठेका प्रणाली के चलते उनका शोषण हो रहा है। उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा और न ही अन्य जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। मंदिर की जर्जर हालत का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर उसके सौंदर्यकरण की मांग रखी गई। इस पर प्रबंध निदेशक ने बजट प्रावधान करने का आश्वासन दिया।
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि वे लंबे समय से जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक जमीन का आवंटन नहीं हो पाया है। सभी मुद्दों को सुनने के बाद विकेश चौहान ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि जल्द समाधान संभव हो सके।
