एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण विभाग मंत्री, हिमाचल प्रदेश को 12 दिसंबर 2025 को House of Lords, लंदन में World Book of Records द्वारा प्रतिष्ठित ‘यूथ एंड आइकॉन’ तथा ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण का वैश्विक स्तर पर मिला महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि विशेष रूप से रामपुर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
इसी क्रम में 3 मार्च को विक्रमादित्य सिंह अपने गृह क्षेत्र रामपुर आ रहे हैं। उनके आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर तथा कांग्रेस पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों द्वारा भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर की एक विशेष बैठक 20 फरवरी को आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ब्लॉक कांग्रेस एवं पार्टी के सभी जन संगठन संयुक्त रूप से स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्य करेंगे।
बैठक के दौरान स्वागत स्थल, जनसभा आयोजन, स्वागत जुलूस, मंच व्यवस्था, प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर ने क्षेत्र की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और माननीय मंत्री का अभिनंदन कर क्षेत्र के गौरव को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
