Himachal Pradesh : मंडी में बादल फटा: 3 की मौत, 25 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दबीं, चंडीगढ़-मनाली NH बंद

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। जेल रोड के साथ बह रहे नाले ने अपना रौद्र रूप दिखाया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। रात करीब 3 बजे नाले का मलबा कई घरों में घुस गया, और निचली मंजिल में सो रहे 15 लोग मलबे में फंस गए। सुबह 4 बजे SDRF और पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

मंडी शहर के विभिन्न इलाकों में 25 से ज्यादा वाहन मलबे में दब गए हैं। चंडीगढ़-मनाली और मंडी-जोगिंद्रनगर फोरलेन के कई हिस्सों पर भूस्खलन हुआ है। सुकेती खड्ड भी उफान पर है, जिसका पानी घरों में घुस गया। जेल रोड, सैंण मोहल्ला, जोनल अस्पताल गेट, DAV स्कूल, और अन्य क्षेत्रों में मलबा भर गया है। प्रशासन ने मंडी सब-डिवीजन के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। मौसम विभाग ने मंडी, कांगड़ा, कुल्लू सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अब तक राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान 164 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें 27 की मौत फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड या बादल फटने से हुई है। संपत्ति का कुल नुकसान 1523 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *