
एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज कल्पा में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय जिला किन्नौर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में युवक एवं महिला मंडलों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि पौधारोपण अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले सके और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का “ग्रीन स्टेट” का सपना 31 मार्च 2026 तक साकार हो सके।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य में वन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं युवक मंडलों को पौधारोपण और वन संरक्षण के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना है ताकि प्रदेश के हरित आवरण में वृद्धि हो सके।
इस मौके पर जिला वन मंडल अधिकारी अरविंद कुमार ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया और उन्हें वन विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में राज्य सहकारी बैंक के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सरोज नेगी, पंचायत समिति की अध्यक्षा ललिता पंचारस, सहायक वन संरक्षक करण कपूर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
