एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत सरपारा के गांव सिकासेरी नाले में आज तड़के करीब 3:00 बजे बादल फटने की घटना हुई। जो इतनी भंयकर थी कि आस पास के गांव के लोगों को उसके बाद डर के साए में सुबह होने का इंतजार करना पड़ा। इस प्राकृतिक आपदा से साथ लगते घरों को नुकसान हुआ है।
घटना में राजेंद्र कुमार पुत्र पालस राम की संपत्ति को नुकसान हुआ। इसमें उनके मकान का एक कमरा, रसोई, एक गौशाला, एक गाय और दो बछियाँ तेज बहाव में बह गईं। इसके अलावा उनके भाइयों गोपाल और विनोद की गौशालाएं और अनाज से भरे गोदाम भी पानी की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
गांव के अन्य किसानों के खेतों को भी नुकसान पहुँचा है। खेतों में मलबा भर जाने से आगामी फसलें खतरे में पड़ गई हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत दी जाए और नुकसान का सही आकलन कर मुआवजा प्रदान किया जाए। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया है। ग्रामीणों की अपील है कि सरकार राहत कार्यों में तेजी लाए और भविष्य में ऐसे हादसों से निपटने के लिए स्थायी इंतजाम करें।