एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश में अभी फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए एक और चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 13 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। गुरुवार सुबह शिमला में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन पूरे राज्य में बारिश और तेज हवाओं का दौर फिर से सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 से 3 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा जाएगा। हालांकि, उसके बाद के 3 से 4 दिनों में तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। अनुमान है कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास हो सकता है, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश से नमी और ठंडक बनी रहेगी। हिमाचल प्रदेश में इस बार मई में औसतन से कहीं अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश के 8 जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ा है। इस असामान्य बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और यातायात में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। कृषि क्षेत्र पर भी इसका असर देखा जा रहा है, जहां किसानों को फसल कटाई और बुवाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कहां पर कितनी हुई बारिश
बिलासपुर में 28.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 357% ज्यादा है।
हमीरपुर में 31 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 258% अधिक है।
कांगड़ा में 29.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 161% ज्यादा है।
मंडी जिले में 33.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 169 मिमी अधिक है।
शिमला में 27.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 75% अधिक है।

