एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग 22 नवंबर को पड्डल मैदान मंडी में जिला स्तरीय युवा उत्सव ट्रायल आयोजित करने जा रहा है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं में सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं के प्रति सम्मान और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। ट्रायल में मंडी जिले के 15 से 29 वर्ष आयुवर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। युवा उत्सव पारंपरिक कला विधाओं को संरक्षित रखने और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इस दौरान हिमाचली लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह, शब्दपांडित्य, कहानी लेखन, चित्रकला और कविता लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
प्रतियोगिताओं की समयसीमा व नियम:
लोकनृत्य/लोकगीत समूह: अधिकतम 13 प्रतिभागी, प्रस्तुति समय 15 मिनट
कहानी लेखन: हिंदी/अंग्रेजी/क्षेत्रीय भाषा में 1,000 शब्द, समय 60 मिनट
चित्रकला: विषय – नशा मुक्त युवा एवं स्वस्थ जीवनशैली, समय 90 मिनट
शब्दपांडित्य: विषय – भारत में आपातकाल और संविधान का उल्लंघन तथा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, समय 7 मिनट
कविता लेखन: हिंदी/अंग्रेजी/क्षेत्रीय भाषा, समय 90 मिनट
प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही स्पर्धा में भाग ले सकेगा। ट्रायल से चयनित युवा राज्य स्तरीय युवा उत्सव में हिस्सा लेने के पात्र होंगे। प्रतिभागियों को यात्रा एवं दैनिक भत्ता उपलब्ध नहीं होगा।
