![]() |
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर विकासखंड के करयाली पंचायत में 3 करोड़ रूपए से बने 3 संपर्क मार्ग का लोकार्पण करते प्रदेश लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह |
एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत करयाली के लगभग 3 करोड़ रूपए से बने 3 संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सड़कें इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि शाडा से नलाह संपर्क मार्ग का निर्माण 1 करोड़ 12 लाख, शाडा से नदोहत संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 1 करोड़ 42 लाख एवं करयाली से मटेवग संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 32 लाख रुपए से पूर्ण किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त गांव खूण के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिस पर लगभग 13 लाख रुपए खर्च किए जा रहे है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इन सड़कों को विधायक प्राथमिकता के तहत जल्द ही पक्का किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को इन सड़कों का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत करयाली में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए लगभग 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसमें नवयुवक मंडल, महिला मंडल रास्ते एवं एम्बुलेंस सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
![]() |
करयाली पहुंचने पर लोनिवि मंत्री का स्वागत करती महिलाएं |
25 करोड़ की पेयजल योजना का जल्द होगा लोकार्पण
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि तहसील सुन्नी के अंतर्गत पंदोआ खड्ड से काली बागड़ी पेयजल योजना का जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। योजना का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। योजना से सराज क्षेत्र की सभी पंचायतों को पेयजल समस्या से निजात मिलेगी।
50 लाख रुपए मिलेगी मुआवजा राशि
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन सुन्नी डैम जल विद्युत परियोजना की वजह से जिन कृषकों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उसके लिए लगभग 50 लाख रुपए की राशि वितरित की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलोग का मरम्मत कार्य भी जल्द आरंभ किया जाएगा तथा आवश्यक मशीनें भी उपलब्ध की जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को उसका लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग विभागीय मंत्री के पास रखी जाएगी। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की खराब छत को ठीक करने का भी आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं तथा बचे कार्यों को पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके ।
उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि शिक्षा की दृष्टि से शिमला शहर की ओर स्थानांतरित हो रहे लोगों को घर द्वार पर ही सारी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचना चाहिए और इसी दृष्टि से सभी को कार्य करने की भी आवश्यकता है।