एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के 15/20 क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी की अध्यक्षता में एसडीएम रामपुर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत पहुंचाने, सड़कें बहाल करने और सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने के लिए शीघ्र स्पेन लगाने की मांग की।
ज्ञात रहे कि 13 अगस्त को 15/20 क्षेत्र में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। कई रिहायशी मकान, दुकानें और सड़कें पानी में बह गईं तथा कई पंचायतों का आपस में संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों के अनुसार गानवीं पंचायत में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां कई घरों में पानी भर गया और खेतों को भारी क्षति पहुंची।
ग्रामीणों की समस्याएं:
सड़कों के बह जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
सेब की फसल मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
बिजली बोर्ड की सड़क भी बुरी तरह प्रभावित है।
ग्रामीण सुभाष नेगी, विजय कटेट, मधुबाला खन्ना, ज्योति प्रकाश, जगदीश मेहता और अनु आदि ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द स्पेन की व्यवस्था की जाए, ताकि वैकल्पिक रास्ते से सेब की ढुलाई संभव हो सके।
जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी ने कहा कि सड़कों के अभाव में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को जघोरी खड्ड पार करते समय एक महिला पानी के बहाव में फंस गई थी, जिसे ग्रामीणों ने बचाया।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि स्पेन लगाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा सड़कें बहाल करने के प्रयास जारी हैं।