एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के देवीनगर में एक 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी माला देवी देवीनगर में किराये पर रह रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शीशपाल (51) निवासी इस्माइलपुर, हरियाणा, पिछले 15 वर्षों से महिला के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कमरे के भीतर महिला का शव मिला।
डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पूरी सच्चाई फॉरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और जांच जारी है।
