एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रिकांगपिओ | हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-5 पर कड़छम डैम के पास सड़क हादसा पेश आया है। ऑल्टो कार और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना टापरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कार के उड़े परखच्चे, रामपुर के युवक ने मौके पर तोड़ा दम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार में कुल चार लोग सवार थे। कड़छम डैम के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक के साथ कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में रामपुर (शिमला) के गौरा गांव निवासी नींजू राम (34) पुत्र केन राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए अन्य तीन लोगों को तुरंत संजीवनी अस्पताल, छोल्टू (शोल्टू) ले जाया गया। इनमें अशोक कुमार (45) निवासी गांव कोठी (कल्पा), यशपाल नेगी (50) निवासी ब्रेलिंगी (कल्पा) और साहिल, निवासी सराहन (रामपुर), शिमला शामिल हैं।
ट्रक चालक पर मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
