एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत कलेडा-मझेवटी के अंतर्गत रामपुर से ब्यूनथल गांव के लिए चलने वाली बस सेवा एक माह से अधिक समय से बंद होने पर भाजपा रामपुर मंडल के महामंत्री राममूर्ति चौहान ने प्रदेश सरकार और स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बस सेवा बंद होने से स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पेश आ रही परेशानियों को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि बस सेवा बंद होने से ब्यूनथल, घाट, कलेडा, एरली, फौला और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मझेवटी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पहुंचने में दिक्कत हो रही है। वहीं, रामपुर कॉलेज में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी भी इसी बस पर निर्भर हैं। बस बंद होने से उनकी पढ़ाई और आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा ग्रामीणों को भी रामपुर आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दिनदहाड़े भालू देखे जाने की घटना सामने आने के बाद बच्चों का जंगल के रास्तों से पैदल स्कूल जाना उनकी सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। हाल ही में मझेवटी में आयोजित कांग्रेस की जोन बैठक में भी ग्रामीणों ने बस सेवा बंद होने का मुद्दा उठाया, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
राममूर्ति चौहान ने आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेता पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और तत्कालीन जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के कार्यकाल में जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे।
उन्होंने प्रदेश सरकार, परिवहन विभाग और प्रशासन से बस सेवा जल्द बहाल करने तथा वन विभाग से भालू की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा प्रबंध करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि बस सेवा शीघ्र बहाल नहीं हुई तो भाजपा ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के साथ आंदोलन तथा धरना-प्रदर्शन करेगी।
