एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के तत्वावधान में सोमवार को रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) में इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का शुभारंभ हुआ। इस खेल प्रतियोगिता में एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं से आई टीमों के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। स्पोर्ट्स मीट के तहत एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान रामपुर एचपीएस के सभी विभागाध्यक्षों सहित एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं से आए खिलाड़ी एवं टीम सदस्य मौजूद रहे। मुख्य अतिथि राजीव कपूर ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि कर्मचारियों में टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूर्ण उत्साह, आपसी सहयोग और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह के बाद एथलेटिक्स और बैडमिंटन की स्पर्धाएं शुरू हुईं। एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ से हुआ, जबकि बैडमिंटन में कॉर्पोरेट मुख्यालय और लूहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के अलावा 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, बैडमिंटन में पुरुष एवं महिला एकल, युगल, टीम स्पर्धा और मिश्रित युगल के मुकाबले होंगे।
इस इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट का मुख्य उद्देश्य एसजेवीएन कर्मचारियों में खेल भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देना तथा विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर एसजेवीएन परिवार की एकजुटता को और मजबूत करना है।
