एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले से इस बार नगर परिषद रामपुर की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। मेले में झूले और डोम लगाने के लिए आयोजित बोली प्रक्रिया में नगर परिषद को कुल 88 लाख 68 हजार 313 रुपये की आय होगी। पिछले वर्ष इन दोनों मदों से प्राप्त राशि के मुकाबले इस बार 5 लाख 82 हजार 313 रुपये अधिक का राजस्व हासिल हुआ है।
बुधवार को हुई बोली प्रक्रिया में झूले लगाने के लिए 37 लाख 55 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली दर्ज की गई, जबकि डोम स्थापित करने का ठेका 51 लाख 13 हजार 313 रुपये में आवंटित हुआ। झूलों के ठेके की निर्धारित राशि पर जीएसटी अलग से देय होगा।
पिछले वर्ष झूलों का ठेका 35 लाख रुपये और डोम का ठेका 47 लाख 86 हजार रुपये में दिया गया था। इस लिहाज से इस वर्ष झूलों के ठेके में 2 लाख 55 हजार रुपये और डोम के ठेके में 3 लाख 27 हजार 313 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दोनों मदों में बढ़ी बोली से नगर परिषद की आय में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है।
लवी मेले के दौरान डोम में विभिन्न प्रकार की दुकानें और व्यावसायिक स्टॉल सजते हैं। इनमें स्थानीय कारोबारियों के साथ बाहरी राज्यों से आने वाले व्यापारी भी अपने उत्पादों की बिक्री करते हैं। वहीं, झूले मेले में पहुंचने वाले बच्चों और परिवारों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहते हैं। इन दोनों व्यवस्थाओं से नगर परिषद को हर वर्ष अच्छी आमदनी होती है।
11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब झूले और डोम स्थापित करने की तैयारियों को गति मिलेगी। मेले में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से व्यापारी और खरीदार पहुंचते हैं। इससे न केवल मेले की रौनक बढ़ती है, बल्कि रामपुर के बाजार और स्थानीय कारोबार को भी गति मिलती है।
