एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर जल विद्युत स्टेशन में सोमवार, 26 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 1 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) रखी गई है। इसके तहत संगठन में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने अपने कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इसके बाद कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों के लिए सतर्कता जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सतर्कता संबंधी नीतियों और प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नैतिक आचरण को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी संगठन के प्रभावी संचालन के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली संगठन की प्रगति और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं निष्पक्षता से करने का आह्वान किया।
सप्ताह के दौरान कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों, निवारक सतर्कता और सुशासन के महत्व को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से रामपुर जल विद्युत स्टेशन ने भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
