एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के देश के सबसे बड़े भूमिगत जलविद्युत स्टेशनों में शामिल 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन को वर्ल्ड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएसओ) के ओएचएस एंड ई अवार्ड-2026 के तहत ‘मोस्ट आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस–प्लेटिनम 5-स्टार ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र’ से सम्मानित किया गया है।

यह पुरस्कार कार्यस्थल पर सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। सम्मान के लिए डब्ल्यूएसओ-इंडिया के मूल्यांकनकर्ता ने स्टेशन का स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद संगठन के निर्णायक मंडल ने अंतिम मूल्यांकन के आधार पर एनजेएचपीएस को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान स्टेशन की पूरी टीम के निरंतर प्रयासों और कार्यस्थल पर उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना और दैनिक कार्यप्रणाली में सुरक्षा को अभिन्न हिस्सा बनाना एनजेएचपीएस की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।
मुंबई में 13 अक्तूबर को आयोजित डब्ल्यूएसओ-इंडिया के पांचवें राज्य स्तरीय ओएचएस एंड ई पुरस्कार समारोह में एनजेएचपीएस की ओर से महाप्रबंधक सोनी कुमार ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और एनजेएचपीएस की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। यह सम्मान स्टेशन की कार्यक्षमता के साथ-साथ सुरक्षित एवं जिम्मेदार कार्यप्रणाली के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
