एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर की ग्राम पंचायत बड़ावली के मतरेवल गांव में नारायण स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब की ओर से आयोजित नारायण स्पोर्ट्स फेस्टिवल का समापन उत्साह के साथ हुआ। महोत्सव में फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शहीद पवन दंगल क्लब ज्यूरी की टीम ने रुलू क्षेत्र की टीम को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजन में युवाओं, खिलाड़ियों और महिला मंडलों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य रोनी राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी किसान सेल की अध्यक्ष रीता सैनी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर के सचिव ज्ञान गुलेरिया, यूथ कांग्रेस रामपुर सिटी के अध्यक्ष भार्गव अग्रवाल, समाजसेवी धर्मबीर सिंह, विक्रम ठाकुर, सुभाष चंद्र और प्रधान कृष्ण गोपाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महोत्सव के दौरान फुटबॉल मुकाबले के अलावा महिला मंडलों की रस्साकशी, मैराथन और अन्य खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि रोनी राणा ने आयोजन के लिए क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। इस दौरान रोनी राणा ने क्षेत्रवासियों को 18 अक्टूबर को रामपुर बुशहर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
अंत में क्लब सदस्यों ने अतिथियों, खिलाड़ियों, महिला मंडलों और सहयोगियों का आभार जताया।
