एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड एवं डिग्री कॉलेज बालना-नोगली के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में संस्थान तथा बालना-नालटीनाल गांव का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से अवगत करवाया।
डॉ. मुकेश कुमार ने संस्थान से लगते खस्ताहाल मार्ग का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हुए इसकी आवश्यक मरम्मत और सुधार करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के प्रशिक्षुओं से बातचीत कर उनकी शिक्षा और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने नए अध्यापक पदों पर होने वाली नियुक्तियों को लेकर प्रशिक्षुओं को आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज से बीएड एवं एमएड प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी ली।
प्रतिनिधिमंडल ने मानव कल्याण समिति की ओर से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को फीस में छूट देने के साथ ही अनाथ बच्चों को निशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर बालना-नालटीनाल महिला मंडल की सदस्य, उपप्रधान रोनित गौतम सहित ग्रामीण तथा संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
