एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के सहयोग से व्यापार मंडल ज्यूरी ने भारत के वीर सपूत शहीद पवन कुमार धंगल की स्मृति में 10वां विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया। शनिवार, 3 अक्टूबर को आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कुल 40 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ 43वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के सेनानी सुरेंद्र पंवार ने किया। इस अवसर पर वाहिनी के उप सेनानी डॉ. अरुण, सह सेनानी डॉ. देवेश चौधरी, रवि वर्मा और विनोद सहित शहीद पवन कुमार धंगल के पिता शिशुपाल धंगल, बहन प्रतिभा जिंटू और जीजा संजय जिंटू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर में 43वीं वाहिनी और 19वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों एवं अधिकारियों ने भी सहयोग किया। शिविर में व्यापार मंडल ज्यूरी के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
व्यापार मंडल ज्यूरी के प्रधान अरुण शर्मा, महासचिव अरविंद सूद, मुख्य सलाहकार तुंगेश्वर शर्मा, सुनील गुप्ता, सचिव देवराज नेगी, कोषाध्यक्ष हरीश भंडारी, सह सचिव रुचि अग्रवाल, सोना ठाकुर, पूजा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष रूपेश्वर, सुरेंद्र नेगी, रीता ठाकुर, अनुराग शर्मा, रवि नेगी, कांता नेगी और नीमा लामा सहित अन्य सदस्यों ने इस नेक कार्य में भाग लिया।
आयोजकों ने कहा कि शहीद पवन कुमार धंगल की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर समाजसेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। व्यापार मंडल ज्यूरी ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, रक्तदाताओं और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
