एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
काशापाट स्कूल को जल्द नया भवन मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्कूल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। काशापाट पंचायत के प्रधान प्यासू मल की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पर मुख्यमंत्री ने एक वर्ष के भीतर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। क्षेत्र में सड़क सुविधा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की भूमि की आवश्यकता नहीं है, वहां काम को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, वन भूमि से जुड़े मामलों में आवश्यक स्वीकृतियां और औपचारिकताएं पूरी करने में समय लग सकता है।
स्कूली बच्चों के लिए शुरू हो सकती है बस सेवा
काशापाट के बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने काशापाट-तकलेच के बीच सुबह बस सेवा शुरू करने पर विचार करने की बात कही। प्रस्ताव के अनुसार, बस सुबह बच्चों को तकलेच स्कूल लेकर जाएगी और शाम को रामपुर से लौटते समय बच्चों को वापस उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि क्षेत्र का कोई व्यक्ति इस मार्ग पर बस चलाने के लिए आगे आता है तो सरकार उसे 40 प्रतिशत सब्सिडी उपलब्ध करवाएगी। इसके साथ ही पांच वर्ष तक 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात भी कही।
गांवों तक पहुंचेगा दूध कारोबार का लाभ
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से दूध खरीदकर दिल्ली की मदर डेयरी को उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस व्यवस्था में सरकार 20 रुपये प्रति लीटर का नुकसान वहन कर रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा रहा है, ताकि दूध उत्पादन से जुड़े ग्रामीण परिवारों को आर्थिक लाभ मिल सके और गांवों की आर्थिकी को मजबूती मिले।
रोहड़ू से जुड़ेगा काशापाट, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने काशापाट को पर्यटन मानचित्र पर विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि काशापाट से रोहड़ू तक ट्रैक विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी और इसके लिए जल्द सर्वे करवाया जाएगा। क्षेत्र के महिला मंडलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने घोषणाएं कीं। जिन महिला मंडलों के पास अपने भवन नहीं हैं, उन्हें भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, पहले से भवन होने वाले महिला मंडलों को बर्तन खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
21 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 75 हजार रुपये से कम है, उन परिवारों में 21 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के तहत 1500 रुपये की सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाएं सोसायटी बनाकर सामूहिक रूप से कार्य करना चाहती हैं तो उन्हें दत्तनगर तक आने-जाने के लिए दो रुपये प्रति किलोमीटर की दर से सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाएगा। क्षेत्र में दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए मशीनें उपलब्ध करवाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सौर ऊर्जा लगाने वालों को चार प्रतिशत ब्याज पर ऋण
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के इच्छुक लोगों को चार प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाएगा। परियोजना से तैयार होने वाली बिजली को सरकार की ओर से खरीदने की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
