एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर रामपुर एचपीएस में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) अभियान-2026 का समापन किया गया। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के दौरान स्वच्छता, जनभागीदारी, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के समापन अवसर पर 2 अक्तूबर को रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह की उपस्थिति में परियोजना से प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष स्वच्छता बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्थानीय समुदाय, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं के साथ स्वच्छता को लेकर संवाद एवं समन्वय बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर एसएचएस अभियान-2026 में उत्कृष्ट योगदान और सक्रिय सहभागिता के लिए महिला मंडल गांधीनगर, महिला मंडल बांगलादेश, महिला मंडल बायल तथा संभव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट, दत्तनगर को सम्मानित किया गया।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला माना था। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पंचायतों, महिला मंडलों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता के प्रयासों को अधिक प्रभावी और स्थायी बनाया जा सकता है।
उन्होंने अभियान के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक में रामपुर एचपीएस से प्रभावित खरगा, तुनन, कुशवा, बखन, पोशना, बाड़ी, गडेज, कशोलो और जगातखाना पंचायतों के प्रधान, महिला मंडल गांधीनगर एवं महिला मंडल बांगलादेश की प्रधान, संभव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट दत्तनगर के संस्थापक तथा रामपुर एचपीएस के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
