एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 का आयोजन 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक महात्मा गांधी पार्क, रिकांगपिओ में किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में एकीकृत जनजातीय विकास भवन में समीक्षा बैठक हुई। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, यातायात प्रबंधन और विभागीय प्रदर्शनियों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
संस्कृति और इतिहास पर आधारित होगा लेजर शो
मंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव किन्नौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और स्थानीय कला को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। महोत्सव में किन्नौर के इतिहास एवं संस्कृति पर आधारित लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा शहनाई वादन, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक नृत्य और लोक गायन से जुड़ी प्रतियोगिताओं में स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने पर जोर दिया गया। मिस किन्नौर और मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी विचार-विमर्श हुआ।
एंटी-चिट्टा मैराथन और कुकिंग प्रतियोगिता भी होगी
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कुकिंग प्रतियोगिता तथा युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी-चिट्टा मैराथन आयोजित करने पर चर्चा की गई। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी महोत्सव का हिस्सा होंगी। सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेन चौक से बचत भवन तक लगेंगे स्टॉल
महोत्सव के दौरान मेन चौक रिकांग पीओ से बचत भवन तक स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों को पुराने पेट्रोल पंप से बाईपास मार्ग की ओर भेजा जाएगा, जबकि बचत भवन से मेन बाजार स्थित रेड लाइट तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
बैठक में उपायुक्त एवं मेला कमेटी अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
