एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किन्नौर महोत्सव कमेटी की अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने की। इस दौरान महोत्सव के आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस बार महोत्सव का आयोजन महात्मा गांधी पार्क, रिकांग पिओ में किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव में किन्नौर की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक संगीत तथा स्थानीय कला और हस्तशिल्प को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष मिस किन्नौर प्रतियोगिता के साथ मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिता आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा किन्नौरी लोक संस्कृति पर आधारित शहनाई, विभिन्न वाद्य यंत्रों, लोक नृत्य और लोक गायन की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के बेहतर प्रबंधन और सुचारू संचालन के लिए 10 अक्तूबर तक विभिन्न समितियों का गठन कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि तैयारियों की प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी दिनों में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए महोत्सव के दौरान एंटी-चिट्टा मैराथन आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी महोत्सव का हिस्सा रहेंगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास, गैर सरकारी सदस्य सरोज नेगी, निर्मल नेगी, हितेश नेगी, राज कुमार, राकेश, प्रवीण नेगी, रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
