एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग 23 से 26 सितंबर, 2026 तक जिला किन्नौर के प्रवास पर रहेगा। आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान तथा सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, डॉ. विजय डोगरा और शालिनी जम्वाल के नेतृत्व में अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 सितंबर को आयोग सांगला में अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण के लिए कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा। बैठक में पंचायतों, बीडीसी सदस्यों, प्रधानों और उपप्रधानों की भागीदारी रहेगी। इसके बाद आयोग सांगला से रिकांगपिओ के लिए रवाना होगा।
24 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय किन्नौर में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण के लिए कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों तथा जिला परिषद, बीडीसी सदस्यों, पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों सहित अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
25 सितंबर को आयोग जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित अत्याचार के मामलों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करेगा। यह बैठक भी उपायुक्त कार्यालय किन्नौर में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 26 सितंबर को आयोग रिकांगपिओ से सराहन के लिए प्रस्थान करेगा। यहां श्री भीमाकाली मंदिर का दौरा करने के बाद आयोग सराहन से नारकंडा के लिए रवाना होगा।
