एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर की बाल विकास परियोजना पूह के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिका के 12 पदों पर भर्ती की जाएगी। बाल विकास परियोजना अधिकारी पूह अंजु नेगी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय अवधि में आवेदन करने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका के पद सुन्नम-1, लोअर जंगी, करला, लोअर कानम, गोतांग, नाको, लोअर लियो, अपर हांगो, मकरमंग, रुवांग, लम्बर और डुबलिंग आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे। ये केंद्र ग्राम पंचायत सुन्नम, जंगी, स्पिलो, कानम, शलखर, नाको, लियो, हांगो, मूरंग, लम्बर और डुबलिंग के अंतर्गत आते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता के संबंध में उन्होंने बताया कि आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 10+2 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। 14 अक्तूबर, 2026 को आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा आवेदक संबंधित ग्राम पंचायत का सामान्य निवासी होना आवश्यक है।
चयनित आंगनबाड़ी सहायिका को 5,800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सादे कागज पर आवेदन तैयार कर 14 अक्तूबर, 2026 को शाम 5 बजे तक कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, पूह में जमा करवा सकते हैं। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।
