भावानगर (किन्नौर) | हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। भावा वैली सड़क पर एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिकअप सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चौपाल निवासी दया (37) और उमेश (24) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक भावा वैली से वांगतू की ओर जा रहे थे। हादसा सुनसान जगह पर हुआ, जिसके चलते पिकअप के खाई में गिरने की किसी को जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच, चौपाल निवासी सुनील कुमार ने शनिवार रात भावानगर पुलिस को अपनी पिकअप गाड़ी (HP-08A-3774) के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का पता चला। शेरपा कॉलोनी से आगे काफनू की ओर सड़क के नीचे गहरी खाई में गाड़ी दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को खाई से निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।गहरी खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब छह घंटे में दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों युवक विवाहित बताए जा रहे हैं।
सेब ढुलाई के लिए क्रेट लेकर जा रहे थे युवक
बताया जा रहा है कि दोनों युवक पिकअप में सेब ढुलाई के लिए इस्तेमाल होने वाले क्रेट लेकर जा रहे थे। किन्नौर जिले में इन दिनों सेब सीजन चल रहा है। इसी दौरान यह हादसा हो गया। हालांकि, पिकअप के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
