एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला योजना एवं जिला स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति की बैठक
एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना के सम्मेलन कक्ष, रिकांग पिओ में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री तथा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला योजना और 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पिछली बैठक के 124 मदों की समीक्षा
बैठक में पिछली बैठक में जिला योजना एवं जिला स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत प्राप्त 124 मदों पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को जिला योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है, उसका प्रभावी उपयोग करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
20 सूत्रीय कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
जगत सिंह नेगी ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शेष लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत गरीबी उन्मूलन, जनशक्ति, किसान हित, श्रमिक कल्याण, खाद्य सुरक्षा, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, युवा विकास, बस्ती सुधार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क, ग्रामीण ऊर्जा, पिछड़ा क्षेत्र विकास और ई-शासन सहित विभिन्न बिंदुओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
नए 110 मदों पर 15 दिन में कार्रवाई के निर्देश
बैठक में गैर सरकारी सदस्यों की ओर से विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े करीब 110 नए मद प्रस्तुत किए गए। मंत्री ने संबंधित विभागों को इन सभी मामलों पर 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्री-फैब टैंकों के निर्माण पर जोर
बागवानी मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भविष्य में पेयजल एवं अन्य योजनाओं के तहत केवल प्री-फैब टैंकों का निर्माण किया जाए, ताकि पानी के रिसाव की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभाग को ज्ञाबूंग में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
अंतिम संस्कार के लिए वन विभाग उपलब्ध नहीं करवाएगा पेड़
जगत सिंह नेगी ने बताया कि जिले में किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार एवं क्रियाक्रम के लिए वन विभाग की ओर से पेड़ उपलब्ध नहीं करवाए जाएंगे। इसके स्थान पर संबंधित परिवार को लकड़ी के डिपो से लकड़ी अथवा एलपीजी गैस उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
विभागों में समन्वय स्थापित करने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। विकास योजनाओं की नियमित निगरानी से कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को जिला योजना एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास घनश्याम दास, उप अरण्यपाल वन मंडल अरविन्द कुमार, पुलिस उपाधीक्षक उमेश्वर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
