एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आरामदायक, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हिमाचल प्रदेश को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और घाटी के पर्यावरण को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें स्थानीय जनता के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी बेहतर परिवहन सुविधा साबित होंगी।
उन्होंने बताया कि सभी 15 नई इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक जीपीएस और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं। इन्हें जिले के विभिन्न स्थानीय एवं प्रमुख रूटों पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू डिपो में पहले से 17 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। नई 15 बसों के शामिल होने के बाद डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर 32 हो जाएगी।
विधायक ने कुल्लू को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी का कुल्लू डिपो देश में सरकारी परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने वाले पहले डिपो में शामिल है और प्रदेश के सर्वाधिक लाभ अर्जित करने वाले डिपो में भी इसकी गिनती होती है।
उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रमुख बस अड्डों में शामिल है। पीज के लिए प्रस्तावित रोपवे के निर्माण से बस अड्डे का महत्व और बढ़ेगा।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को लेकर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद और प्रशासन द्वारा इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। आगामी एक माह में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस अड्डे सहित पूरे कुल्लू शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे और अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए परिवहन विभाग और एचआरटीसी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले के परिवहन बेड़े में और अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाएगा। इससे पूरी घाटी में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
इससे पहले डीडीएम डी.के. नारंग ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, पार्षदगण, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेडक्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, एचआरटीसी डीडीएम मंडी उत्तम सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी केलांग अंशित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
