एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू की ओर से आपदा प्रबंधन तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की कार्यप्रणाली को परखने के उद्देश्य से 23 नवंबर, 2026 को शाढ़ाबाई में विशेष एयर रेड मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन अथवा हवाई हमले जैसी स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों और संचार व्यवस्था की तत्परता का आकलन करना है। अभ्यास के दौरान सायरन बजाने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड और एसडीआरएफ की राहत एवं बचाव टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।
प्रशासन ने शाढ़ाबाई और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों, व्यापारियों तथा आम जनता से अपील की है कि यह केवल नियमित मॉक ड्रिल है। अभ्यास के दौरान सायरन की आवाज सुनने या सुरक्षा बलों और एंबुलेंस की आवाजाही देखने पर घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से इस अभ्यास को सफल बनाने के लिए सहयोग करने का आग्रह किया है।
बैठक में बीडीओ भुंतर गौरव धीमान, डिप्टी कमांडेंट आईटीबीपी प्रभात ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
