एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा | हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल की होली तहसील से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार देर रात लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा इतना भयानक था कि कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष) और संजय कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों लामू गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, दोनों किसी कार्य के सिलसिले में हीलिंग गए थे। देर रात करीब 11 बजे जब वे अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे, तभी हीलिंग नाले के समीप कार पर से नियंत्रण खो गया और वाहन खाई में जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। क्षेत्र के अत्यधिक दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
